वाराणसी। 42 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद 111 जवानों ने देश रक्षा में जान न्यौछावर करने की शपथ ली। मौका था शनिवार की सुबह 39 जीटीसी के परेड ग्राउंड में पासिंग आउट परेड का। सुबह जवानों को परेड ग्राउंड में सशस्त्र परेड की सलामी के साथ देश रक्षा की शपथ दिलाई गई।
इससे पहले नेपाली संस्कृति के अनुसार गोरखा जवानों को उनका परंपरागत हथियार खुकरी भेंट किया गया। परेड ग्राउंड पर आयोजित सशस्त्र परेड की सलामी मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर एचएस बैंसला (कमांडेंट, गोरखा ट्रेनिंग सेंटर) ने ली। उन्होंने सलामी लेने के बाद परेड का निरीक्षण किया, साथ ही शानदार परेड के लिए जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, शारीरिक क्षमता और लक्ष्य का हमेशा ख्याल रखें।
सैन्य प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य के लिए जवानों को पुरस्कार दिया गया। बेस्ट इन टैक्टिस के लिए प्रेम बहादुर ओली, बेस्ट इन बीपीईटी में रणजीत बुघ्घा, बेस्ट इन फायरिंग में गनेश राना, बेस्ट इन ड्रिल में अरकिश तमांग, बेस्ट इन बेनेट फायटिंग के लिए जगदीश तमांग, बेस्ट इन सीओसीले कपाडिया ट्राफी अनिल नेपाली, सेकेंड आल राउंड बेस्ट का जनरल एनके लाहिरी मेडल सौरभी थापा को, आल राउंड बेस्ट गौरव तलवार प्रताप छेत्री को प्रदान किया गया।