बाबतपुर। इथोपिया में विमान हादसे के बाद भारत सहित कई देशों में बोइंग मैक्स 737 विमान पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसका असर वाराणसी में भी विमान संचालन पर पड़ा है। शुक्रवार को वाराणसी-अहमदाबाद के बीच स्पाइस जेट की विमान सेवा शुरू नहीं हो सकी। अब शनिवार से इसके संचालन की बात कही जा रही है।
विमान हादसे के बाद स्पाइस जेट को एक दर्जन विमानों का संचालन रोकना पड़ा है। इन्हीं में से एक विमान 15 मार्च को वाराणसी-अहमदाबाद के बीच सेवा देने वाला था। स्पाइसजेट का विमान एसजी 740 शाम 04:5 बजे अहमदाबाद से चलकर शाम 06:15 बजे वाराणसी पहुंचना था और यही विमान एसजी 742 बनकर शाम सात बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरने वाला था। इसकी ज्यादातर सीटें भी बुक हो चुकी थीं, लेकिन यात्रियों के मोबाइल पर 13 मार्च की शाम एसएमएस आया कि यह विमान निरस्त कर दिया गया है। यात्री कस्टमर केयर से बात कर दूसरे विमान में बुकिंग करा लें या फिर रिफंड ले लें। कुछ लोग संदेश नहीं पढ़ पाए तो वे एयरपोर्ट पहुंच गए।
स्पाइस जेट के स्थानीय सेल्स मैनेजर राहुल सिंह ने बताया कि नगर विमानन निदेशालय ने मैक्स विमानों पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिससे वाराणसी-अहमदाबाद विमान सेवा शुक्रवार को नहीं शुरू कर सके। शनिवार से दूसरा विमान लगाकर इसकी शुरुआत की जाएगी।