वाराणसी। वीडीए की ओर से बनाई गई कैटल कालोनी की जमीन का आवंटन अब पशुपालकों को आधी कीमत पर किया जाएगा। यह फैसला कालोनी में एक भी जमीन का आवंटन न होने के कारण किया गया है।
शहर में पशु पालन से होने वाली गंदगी को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। जिसमें नगर निगम, वीडीए और पशुपालकों को पार्टी बनाया गया था। जिसके बाद नगर निगम ने छुट्टा पशुओं को शहर से बाहर करने के लिए कान्हा उपवन बनाने की योजना तैयार की और वीडीए कैटल कालोनी का निर्माण करा रहा है। अब तक वीडीए करीब 400 प्लाट विकसित कर चुका है, लेकिन 9 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर का रेट होने के चलते कोई पशुपालक जमीन लेने नहीं आया। इस पर वीडीए ने अब रेट घटाकर साढ़े चार हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर कर दिया गया है। नगर नियोजक मनोज कुमार ने बताया कि रेट कम कर दिया गया है, अब नए रेट पर फिर से जमीन का आवंटन किया जाएगा।