वाराणसी। पीएम के आगमन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने बुधवार को राजातालाब पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभास्थल के निरीक्षण के बाद जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ बैठक की। पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के जरिए तैयारियों का ब्ल्यूप्रिंट देखा। तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को ताकीद की कि पीएम के आगमन से पहले सभी तैयारियां पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं। किसी स्तर पर कोई खामी नहीं होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री 14 और 15 जुलाई को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर होंगे। यह उनका 13वां दौरा है। हेलीकाप्टर से राजातालाब के कचनार स्थित पीएम के कार्यक्रम स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री ने मंच से पंडाल तक बारीकी से तैयारियां देखीं। फिर राजातालाब में ही खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सुव्यवस्थित तरीके से जल्द से जल्द सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। बैठक में डीएम सुरेंद्र सिंह के अलावा उन विभागों के भी अधिकारी शामिल थे, जिनकी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कराया जाना है। निरीक्षण के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, विधि, न्याय, सूचना, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी, एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, आईजी विजय सिंह मीणा, जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह, नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी गौरांग राठी आदि मौजूद थे।