वाराणसी। नए वाहन खरीदने वालों को जल्द ही ऑनलाइन पंजीकरण की सहूलियत मिलेगी। इसमें वाहन बेचने वाली एजेंसी पर ही वाहन खरीदने वाले को पांच नंबर का विकल्प देकर वहीं नंबर एलाट किया जाएगा। इससे सड़क पर उतरने वाले वाहन पंजीकरण के साथ ही आएंगे। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है और जुलाई महीने में वाराणसी में यह व्यवस्था लागू होने की उम्मीद है।
दलालों पर शिकंजा कसने और लोगों को सहूलियत के लिए परिवहन विभाग अपनी वेबसाइट को लगातार अपडेट करने में जुटा है। वाहनों की खरीद के साथ ही पंजीकरण की व्यवस्था लागू करने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू की जा रही है।
इसमें वाहन विक्रेताओं को परिवहन विभाग की ओर से यूजर नेम और पासवर्ड मुहैया कराया जाएगा। एआरटीओ प्रशासन अमित रंजन राय ने बताया कि वर्तमान में वाहन खरीदने वाले अपने कागजात एजेंसी में जमा कराते हैं और फिर उसे कार्यालय में पंजीकरण कराते हैं। नई वेबसाइट को अपडेट किया जा रहा है और जल्द ही ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था होगी।