इटावा। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कृषि इंजीनियरिंग कालेज के छात्र को हास्टल में घुसकर उस पर चाकुओं से वार कर घायल करने के मामले में सात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के गांव राजापुर निवासी हरीराम पाठक इटावा कृषि इंजीनियरिंग कॉलेज में चौथे वर्ष का छात्र है। शनिवार को उसका कुछ युवकों से क्रिकेट खेलने को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते शनिवार रात को जब वह हॉस्टल के अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था तभी अनिल यादव, निश्चय, विनोद कुमार, पंकज कुमार, राजन , अजय के अलावा कुछ अन्य युवक वहां पहुंचे और उसे कमरे से बाहर बुलाया। उसके कमरे से बाहर आते ही उक्त लोगों ने उसके ऊपर हमला बोल दिया। कुछ युवकों ने चाकुओं से वार किया लेकिन उसने अपना हाथ लगा दिया जिससे चाकू उसके हाथ में लग गया। बाद में हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। एसओ संजय त्यागी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। दोषी युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।