चौबेपुर। व्यासपुर गांव के समीप बुधवार की शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने एक निजी फाइनेंस कंपनी के कर्मियों को असलहा सटाकर 20 हजार नौ सौ तीस रुपये लूट लिया। 100 नंबर पर दी गई सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की और चेकिंग कराई लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। भुक्तभोगियों ने चौबेपुर थाने में पहुंचकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
चौबेपुर थाना अंतर्गत परनापुर गांव से वसूली करके गाजीपुर के टेढ़वा टप्पा का सुमित पांडेय, सलारपुर की अंबिका मौर्या, पटना की स्वाती सिन्हा और बेगूसराय की नेहा दो दोपहिया वाहन से लौट रहे थे। सभी आशापुर स्थित अपने कार्यालय जा रहे थे। चारों का आरोप है कि व्यासपुर गांव के समीप पहुंचते ही बिना नंबर की अपाचे मोटर साइकिल से दो बदमाश पीछे से आए और असलहा दिखाकर चारों को रोक लिए। इस बीच बदमाशों में से एक ने सुमित की कनपटी पर असलहा सटाया और उसके पास मौजूद 20,930 रुपया लूट लिया। इसके बाद सभी को जान से मारने की धमकी देते हुए असलहा लहराते हुए भगतुआ बलुआ घाट की ओर तेजी से भाग निकले। 100 नंबर पर सूचना के बाद सीओ पिंडरा अभिनव यादव और थानाध्यक्ष कुलदीप दूबे मौके पर पहुंचे और भुक्तभोगियों से वारदात की जानकारी लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस जांच की कार्रवाई में जुटी है।