वाराणसी। मौसम में जैसे-जैसे गर्मी घुल रही है बिजली की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। आधे शहर में जहां दिन भर बिजली की लुका छिपी चलती रही तो वहीं बार-बार ट्रिंप होने के चलते लोगों के इलेक्ट्रिक उपकरण शोपीस बने रहे। बिजली की समस्या से परेशान लोग विभागीय व्यवस्था को कोसते रहे।
शहर के कई इलाकों में बिजली कटौती की समस्या गंभीर होती जा रही है। जहां कई क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण और खंभे की शिफ्टिंग के चलते पहले ही चार से छह घंटे तक बिजली काटी जा रही है तो वहीं फाल्ट व ओवर लोड के चलते भी समस्या गंभीर हो गई है। मंडुवाडीह, महेशपुर, लहरतारा, महमूरगंज, सिगरा, जगतगंज, बड़ी पियरी, राजघाट सहित कई इलाकों में पूरे दिन बिजली का आना जाना लगा रहा। लोग उपकेंद्र को फोन लगाकर कारण पूछते रहे। मंडुवाडीह, बौलिया में कई घंटे बिजली गुल रही। लोग बिजली की समस्या से पूरे दिन दो चार होते रहे।
कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को फिर बिजली की लुका छिपी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मेन सप्लाई लाइन में गड़बड़ी के चलते 1:45 बजे से लेकर शाम 3:35 बजे तक बिजली का आना जाना लगा रहा। बुकिंग काउंटर, रिजर्वेशन दफ्तर, यात्रीहाल और प्लेटफार्म पर भी बिजली कटौती का असर दिखा।