वाराणसी। जल्द ही संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में भी ज्योतिष क्लिनिक शुरू की जाएगी। इससे ज्योतिष शास्त्र की विद्या ग्रहण करने वाले इस विद्या में दक्ष होंगे, वहीं लोगों को कम शुल्क में यह सुविधा आसानी से उपलब्ध होगी। बीएचयू में पहले से ही ज्योतिष क्लिनिक चल रही है।
अस्पतालों में इलाज की तरह ही यहां ग्रह नक्षत्र से होने वाली परेशानियों और कार्यों में आने वाली बाधा को दूर करने के उपाय बताने के साथ ज्योतिष से जुड़ी जानकारियों की सुविधा भी मिलेगी। ज्योतिष के विद्वान आने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान करेेंगे। उनके साथ ही विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को भी उस क्लिनिक में रखा जाएगा, ताकि वे ज्योतिष विद्या के साथ साथ काल गणना के बारे में जानकारी प्राप्त कर विधा में निपुण हो सकें।
अप्रशिक्षित लोग भी विद्वानों को देखकर प्रचार प्रसार करके लोगों के ग्रह शांति और समस्याओं का समाधान करते हैं। इसके बदले में वे मोटी रकम वसूल करते हैं। इन समस्याओं को ही दूर करने के लिए विश्वविद्यालय ज्योतिष विद्या की ओपीडी खोलने जा रहा है। वहीं इस क्लिनिक से मिलने वाले एक तय शुल्क से ज्योतिषविदों, ट्रेनी छात्रों के अलावा इसकी व्यवस्था में होने वाले खर्च को मेंटेन किया जाएगा।