पीडीडीयू नगर (चंदौली)। गाइड बन कर कनाडा की युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी अजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मंगलवार को जेल भेज दिया। इसके पूर्व पीड़ित युवती के साथ एसपी संतोष सिंह ने आरोपी के मढ़िया स्थित घर पहुंच कर जांच पड़ताल की। कोतवाली में फोरेंसिक टीम ने आरोपी के घर से मिले चादर की जांच की। अनुवादक बुलाकर पीड़िता से बयान लिया। आईबी सहित अन्य टीम ने भी उससे पूछताछ की।
एशियाई देशों के भ्रमण पर निकली कनाडा की युवती वाराणसी में एक धर्मशाला में योग सीखना चाहती थी। 18 फरवरी को उसे काठमांडू जाना था। इस बीच अजय से उसकी मित्रता हो गई और गांव देखने के लिए वो छह फरवरी को मढ़िया पहुंच गई। घर में अजय ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। परदेश और डर के चलते युवती चुप रही। युवती के अनुसार अजय लगातार उसका पीछा कर रहा था और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। वाराणसी के अस्सी घाट पर आरोपी को देख युवती ने शोर मचाया और उसे गिरफ्तार करा दिया। मंगलवार को युवती ने मुगलसराय कोतवाली पहुंच कर दुभाषिया की मदद से बयान दर्ज कराया। आईबी सहित अन्य खुफिया इकाइयों ने भी पूछताछ की। युवती की तहरीर के आधार पर अजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि विदेशी महिला की शिकायत पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।