वाराणसी। उत्तर माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड द्वारा पीजीटी शिक्षक भर्ती परीक्षा एक और दो फरवरी को क्रमश: 44 और 37 केंद्रों पर होगी। दो पाली में होने वाली इस परीक्षा में 83282 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी न होने पाए, इसको लेकर पुलिस जहां केंद्रों पर विशेष नजर रख रही है, वहीं सचल दल के साथ ही स्टेट्रिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। मंगलवार को रायफल क्लब में हुई बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई।
पीजीटी और टीजीटी की भर्ती के लिए वर्ष 2016 में ही विज्ञापन जारी किया गया था। चयन बोर्ड ने 27, 28 और 29 सितंबर को लिखित परीक्षा कराने की तिथि तय की थी लेकिन यह परीक्षा नहीं कराई जा सकी। वहीं परीक्षा अब कराई जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि पीजीटी की परीक्षा एक और दो फरवरी और टीजीटी की परीक्षा आठ व नौ मार्च को प्रस्तावित है। बैठक में परीक्षा के दिन केंद्रों पर वाईफाई, इंटरनेट की सुविधा बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा परीक्षा ड्यूटी में लगे लोगों को मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। डा. सिंह ने बताया कि सुबह 9:30 बजे से 11.30 बजे तक पहली पाली और दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक दूसरी पाली की परीक्षा होगी।