वाराणसी। गृहकर वसूली के लिए नगर निगम ने बुधवार को तीन बड़े होटलों पर कार्रवाई की। इसके बाद तीनों ने बकाया गृहकर जमा करा दिया। इनमें सितारा होटल इंडिया, होटल वैभव और होटल क्लार्क्स शामिल हैं।
पहले कई बार नोटिस देने के बाद भी इन होटलों की ओर से गृहकर जमा नहीं कराया गया था। गुरुवार को संयुक्त नगर आयुक्त प्रशिक्षु आईएएस गौरव सोंगरवाल ने वरुणा पार जोन की समीक्षा बैठक की। तत्काल तीनों होटलों की पत्रावली तलब कर परीक्षण किया जिसमें पाया गया कि वरुणापार जोन द्वारा इन तीनों भवनों पर डिमांड आफ नोटिस व वारंट की कार्यवाही पूरी कर ली गई है। उसके उपरांत भी बकाया गृहकर जमा नहीं किया गया है। इसके बाद अधिकारी तीनों होटलों में पहुंचे और वहां के मैनेजर से बकाया गृहकर की मांग की गई। होटल के मैनेजर द्वारा आनाकानी करने पर होटल इंडिया को सील करने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई। नगर निगम की इस कार्रवाई पर होटल इंडिया के मैनेजर द्वारा तत्काल अपना गृह कर बकाया 890657 रुपये की धनराशि जमा की गई। इसके बाद होटल वैभव को सील करने पहुंचे तो तालाबंदी करने पर वैभव होटल द्वारा अपने ऊपर बकाया गृहकर 714630 रुपये तत्काल जमा कर दिया गया। इसके बाद होटल क्लार्क्स पर कार्रवाई शुरू की तो उन्होंने बकाया गृहकर 374034 रुपये की धनराशि जमा कर दी गई।
संयुक्त नगर आयुक्त ने बताया गया कि भेलूपुर जोन में 1 तथा दशाश्वमेध जोन में 2 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के गृहकर जमा चेक बाउंस होने के कारण इन पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।