सारनाथ। भगवान बुद्ध की उपदेश स्थली में पर्यटकों को विश्व स्तरीय सुविधा मिल सके, इसे लेकर केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार केजे अल्फोंस ने सारनाथ का निरीक्षण किया। यहां बुद्धा थीम पार्क में वाहनों की पार्किंग बनाई जाएगी। सामने वन विभाग की जमीन से एक कच्चे रास्ते (पाथवे) का निर्माण होगा। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री ने जिलाधिकारी व डीएफओ को आवश्यक निर्देश दिए।
पार्किंग और सामने ही रास्ता होने से पर्यटक खंडहर परिसर होते हुए सीधे म्यूजियम पहुंच सकेंगे। इस रास्ते पर ई-कार्ट भी चलेगा। सुहेलदेव प्रतिमा के पास भी पार्किंग बनेगी। दोनों पार्किंग शुरू होने के बाद म्यूजियम से लेकर वन्य जीव संरक्षण केंद्र तक वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने स्तूप की परिक्रमा के लिए पाथवे निर्माण में आ रही अड़चन बातचीत से सुलझाने की बात कही। स्तूप के पीछे निजी पार्क के लिए भी गेट खुलवाने के निर्देश दिए।
लगभग 1:45 पर मंत्री का काफिला पैदल ही चौखंडी स्तूप से सारनाथ म्यूजियम पहुंचा। आधुनिक स्वागत केंद्र देखकर मंत्री ने कहा कि इसे तुड़वाकर यहां वाहन स्टैंड बनाया जा सकता है। रोड के दोनों तरफ अतिक्रमण हटवाने के निर्देश देते हुए वह बुद्धा थीम पार्क पहुंचे और मल्टी स्टोरी वाहन स्टैंड बनवाने को कहा। मिनी जू का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने पर्यटन आवास गृह में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि विश्व में 500 मिलीयन बौद्ध अनुयायी हैं। हमें ऐसा करना चाहिए कि कम से कम 10 प्रतिशत अनुयायी सारनाथ आ सकें। बाद में वह प्रवासी भारतीय सम्मेलन के मद्देनजर ऐढ़े में बनाई गई टेंट सिटी को भी देखने गए।