वाराणसी। त्योहारों के मौसम में विभिन्न रेलखंडों पर लिए जाने वाले ट्रैफिक ब्लॉक के चलते एक बार फिर रेल यात्रियों की समस्या बढ़ सकती हैं। रेलवे ने मुगलसराय रेल मंडल के डेहरी-ऑनसोन व इलाहाबाद-प्रयाग सेक्शन पर निर्माण कार्य के कारण ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। इसकी वजह से इन रूट पर चलने वाली ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। मुगलसराय रेल सेक्शन पर ट्रैफिक ब्लॉक के कारण कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी।
इलाहाबाद-प्रयाग सेक्शन में आरओबी के निर्माण के कारण चार घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके कारण ट्रेन संख्या 22103 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-फैजाबाद एक्सप्रेस 23 अक्तूबर को परिवर्तित मार्ग इलाहाबाद-छेवकी-जोनाथपुर-वाराणसी-जाफराबाद रूट से चलेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस 23 अक्तूबर को परिवर्तित रूट इलाहाबाद जंक्शन-इलाहाबाद सिटी-मंडुवाडीह-वाराणसी रूट से चलेगी। मुगलसराय रेल मंडल के डेहरी-ऑनसोन में नॉन इंटरलॉकिंग के कारण कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी। जलियांवाला बाग एक्सप्रेस 24 व 29 अक्तूबर को निरस्त रहेगी। संभलपुर-वाराणसी-संभलपुर एक्सप्रेस 24 व 29 अक्तूबर, कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस 24 व 30 अक्तूबर को निरस्त रहेगी। इसके अलावा शब्दभेदी एक्स्प्रेस 25 व 26 अक्तूबर, आनंद विहार-हावड़ा एक्सप्रेस 25 व 28 अक्तूबर, नीलांचल एक्सप्रेस 23, 26, 28 अक्तूबर को निरस्त रहेगी। बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस 23, 24, 29 व 30 अक्तूबर को निरस्त रहेगी। इसके अलावा कई ट्रेनें परिवर्तित रूट से चलेंगी। इनमें मुख्य रूप से नई दिल्ली-पुरी-नई दिल्ली एक्सप्रेस, दुर्गियाना एक्सप्रेस, कालका मेल, पूर्वा एक्सप्रेस, हावड़ा-लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस, सियालदह-आनंद विहार-सियालदह संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, सियालदह-जम्मूतवी-सियालदह हमसफर एक्सप्रेस आदि शामिल हैं।
कमसम पर दो लाख का जुर्माना
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के सुरक्षाकर्मियों को खराब खाना परोसने वाले कमसम पर दो लाख का जुर्माना लग सकता है। स्टेशन निदेशक आनंद मोहन सिंह ने सीनियर डीसीएम को पत्र लिख कर दो लाख जुर्माना लगाने की बात कही है।
बता दें कि कुछ दिन पहले दिल्ली रवाना होने से पहले कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे रेल राज्य मंत्री के साथ उनके सुरक्षा कर्मियों को खराब खाना परोस दिया गया। खाने की खराबी की शिकायत पर रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कमसम से जवाब तलब करने के साथ ही जुर्माने की बात कही गई। इसी क्रम में इसके लिए पत्र लिखा गया है।