वाराणसी। सेना भर्ती रैली के दूसरे दिन सोमवार को छावनी क्षेत्र स्थित रणबांकुरे स्टेडियम में 231 अभ्यर्थी 1600 मीटर की लंबी दौड़ में सफल रहे। मऊ जिले की मोहम्मदाबाद गोहना व मधुबन और बलिया जिले की सिकंदरपुर तहसील के 4947 अभ्यर्थियों ने दूसरे दिन की भर्ती रैली के लिए पंजीकरण कराया था लेकिन 3389 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए। मंगलवार को बलिया जिले की बलिया तहसील के 4656 अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होंगे।
सेना भर्ती रैली के मद्देनजर शनिवार से ही छावनी क्षेत्र नवयुवकों की भीड़ से गुलजार है। भर्ती रैली में असफल होने वाले अभ्यर्थी हंगामा न करने पाएं इसके मद्देनजर छावनी क्षेत्र से कैंट रेलवे स्टेशन तक जगह-जगह पुलिस और पीएसी को तैनात किया गया है। सेना भर्ती निदेशक कर्नल राजेश सिंह ठाकुर ने बताया कि दोनो दिन शांतिपूर्ण तरीके से रैली संपन्न हुई। अभ्यर्थी अनुशासित तरीके से भर्ती रैली में शामिल होने आ रहे हैं। उधर, अभ्यर्थी दलालों के झांसे में न आएं इसके लिए स्थानीय खुफिया इकाई के साथ ही आर्मी इंटेलिजेंस की टीम भी भर्ती रैली और आसपास के क्षेत्र की निगहबानी कर रही है।