वाराणसी। कैंट रोडवेज और श्रीराम कॉम्प्लेक्स के बीच संचालित वाहन स्टैंड पर अधिवक्ता की बाइक में टक्कर लगने के बाद हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया। स्टैंड संचालकों और अधिवक्ता में मारपीट हो गई। स्टैंड संचालकों ने अधिवक्ता पर हमला कर दिया। अधिवक्ता के बचाव में आए स्थानीय लोगों ने स्टैंड पर खड़ी एक गाड़ी तोड़ दी। अधिवक्ता की तहरीर पर सिगरा पुलिस ने स्टैंड संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री ने अवैध स्टैंड तत्काल बंद कराने की मांग प्रशासन से की है। चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं हुआ तो अधिवक्ता चुप नहीं बैठेंगे।
सिगरा थाने में दी गई तहरीर में अधिवक्ता ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि श्रीराम कॉम्प्लेक्स में उनका चैंबर है। सुबह कचहरी जाने के लिए वह बाइक से निकले ही थे कि अवैध स्टैंड में जा रही फोर्स क्रूजर टैक्सी ने टक्कर मार दी। उनके विरोध करने पर अवैध स्टैंड संचालकों ने लाठी, डंडे, रॉड और धारदार हथियार से हमला बोल दिया। अधिवक्ता को पिटता देख बचाव में आई भीड़ ने स्टैंड संचालकों की एक गाड़ी तोड़ दी। साथी की पिटाई से नाराज अधिवक्ता लामबंद हो गए हैं। बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि रोडवेज के बगल में कैसे बस और टैक्सी स्टैंड संचालित हो रहा है, प्रशासन इसका जवाब दे। आशंका जताई कि निश्चित रूप से रोडवेज, आरटीओ, थाना सिगरा का इस अवैध बस और टैक्सी स्टैंड को संरक्षण प्राप्त है। उधर, के बाद स्टैंड से गाडि़यां नहीं चलीं।