वाराणसी। किसानों के साथ अन्याय और धोखा के विरोध में किसान न्याय मोर्चा की ओर से गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित एनएचएआई कार्यालय के पास सत्याग्रह किया। मांगों से जुड़ा ज्ञापन एनएचएआई के अधिकारियों को सौंपा गया। इसका नेतृत्व कर रहे प्रदेश संयोजक महेंद्र प्रसाद ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार लाठी गोली के बल पर बिना मुआवजा के किसानों की जमीन का अधिग्र्रहण कर रही है।
उन्होंने कहा कि गैस पाइप लाइन बिना मुआवजा के दिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग का विस्तार ध्वस्त भवनों और दुकानों का प्रतिकर दिए बिना किया जा रहा है। गाजीपुर में किसानों, महिलाओं पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की। कांग्रेस के पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्र ने कहा कि किसानों की जायज मांगों को सरकार पूरा करके शीघ्र मुआवजा दें। मैं नहीं मानता कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। यदि बुलाया है तो गंगा नदी में गिर रहे 84 नालों से मां गंगा प्रदूषित क्यों हो रही हैं। मोहनसराय ट्रांसपोर्ट नगर योजना रद होना किसानों की जीत है। किसानों का नाम राजस्व अभिलेख में पुन: दर्ज कराने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता होरीलाल ने की। संचालन बालकिशुन पटेल और धन्यवाद ज्ञापन अशोक प्रजापति ने किया। इस मौके पर राजेश पटेल, उमाशंकर यादव, रामसूरत पटेल, ईश्वर चंद्र पटेल, श्याम नारायण आदि मौजूद रहे।