वाराणसी। पूर्वा बनारस के प्रथम व्यावसायिक आयोजन ‘शेयरिंग दि बिजनेस’ में रविवार को नई सोच, नई ऊर्जा के साथ युवा उद्यमियों ने कारोबार को नई ऊंचाई देने के अपने इरादे जताए। शहर के युवा उद्यमियों के साथ ही अनुभवी व्यवसायी आयोजन में शामिल हुए। व्यापारिक अनुभवों को साझा किया। बनारस की पारंपरिक और विशिष्ट जीवन शैली व व्यावसायिक शैली के अनुसार व्यापार में नयापन लाने के उपायों पर मंथन हुआ।
नई तकनीक और नई सोच के समन्वय से पारंपरिक व्यावसायिक शैली को नया रूप देने के लिए युवा और अनुभवी उद्यमियों ने अपने विचार और अपनी सोच साझा की। बनारस के कलाकारों, सांस्कृतिक कर्मियों के लिए एक नए पोर्टल की स्थापना का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जल्द ही एक और पोर्टल लांच किया जाएगा, जिसके जरिए बनारस के व्यवसायियों को नए क्षेत्रों में विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार तक अपने कारोबार की पहुंच बढ़ाने में सहायता मिलेगी। पूर्वा बनारस के इस पोर्टल के जरिए आपसी व्यावसायिक संबंधों को भी विस्तार मिलेगा। पूर्वा बनारस की व्यावसायिक सचिव स्वस्ति तिवारी ने बताया कि इस तरह के आयोजनों की एक शृंखला आयोजित की जा रही है। जिसके जरिए बनारस में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर व्यवसाय के नए साधन विकसित करने की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी। इस अवसर पर शुभो घोष, प्रशस्ति तिवारी, अनुराधा गुप्ता, इशिता, अलख आदि मौजूद थे।