वाराणसी। कर्नाटक में राजनीतिक घटनाक्रम को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए कांग्रेस ने विरोध-प्रदर्शन किया। टाउनहाल मैदान में शुक्रवार को गांधी प्रतिमा के समक्ष शांतिपूर्ण ढंग से कांग्रेस के नेताओं ने कर्नाटक में चल रही रस्साकशी के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
महानगर के कार्यकारी अध्यक्ष मणींद्र मिश्रा ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा सरकार आई है पूरे देश में लोकतांत्रिक मूल्यों का गला घोंटा जा रहा है। कहीं ईवीएम की गड़बड़ी तो कहीं विधायकों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। कर्नाटक में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बाद भी राज्यपाल द्वारा भाजपा को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया जाना तानाशाही का प्रतीक है। पूरे देश में इस समय आपातकाल जैसी स्थिति पैदा हो गई है।
दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार के इस रवैये के कारण दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। संचालन प्रमोद वर्मा और धन्यवाद ज्ञापन जितेंद्र सेठ ने किया। इस दौरान प्रभात वर्मा, संजय चौबे, शालिनी यादव, पूनम कुन्डू, श्वेता राय, विनय राय, वीरेन्द्र कपूर, प्रमोद श्रीवास्तव, गिरिश चंद्र, डॉ.जेपी तिवारी, मनोज वर्मा, अभिषेक चौरसिया आदि उपस्थित रहे।