चकिया। किसान सेवा सहकारी समिति सहदुल्लापुर, सिकंदरपुर तथा रामपुर कलां पर गेंहू की खरीद ठप है। इससे नाराज भारतीय किसान यूनियन के लोगों ने बुधवार को सिकंदरपुर स्थित सहकारी समिति पर धरना दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम दिप्तीदेव ने किसानों को समझा बुझाकर धरना समाप्त कराया और जल्द गेंहू की खरीद शुरु करने का आश्वासन दिया। इस दौरान किसानों ने एसडीएम को एक पत्रक भी सौंपा।
धरने के दौरान पूर्व ब्लाक प्रमुख बच्चन सिंह, ब्लाक प्रमुख शिवेंद्र प्रताप सिंह तथा भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र पाल ने आरोप लगाया कि बिचौलियों से गेंहू खरीदने के लिए केंद्र प्रभारी अक्सर क्रय केंद्र पर ताला लगाकर गायब रहते है। किसानो ने कहा कि सहकारी समितियों के गोदाम अभी भी 20 से 25 प्रतिशत तक खाली है लेकिन कर्मचारी सरकार के निर्देश के बाद भी किसानों से खरीद नहीं कर रहे है। जिससे किसानों में निराशा है। एसडीएम ने गेंहू खरीद न करने वाले केंद्र प्रभारियों पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी। धरने के दौरान देशराज पटेल, शिवनाथ सिंह, ओमप्रकाश, अश्वनी, आलोक, श्यामलाल, भानू प्रताप सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, रामकृत सिंह मौजूद थे।