वाराणसी/चिरईगांव/चौबेपुर। प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सारनाथ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को हर हाल में चालू करने के लिए लगातार कड़े निर्देश दिए जा रहे हैं। दीनापुर में एसटीपी और चंद्रावती में गंगा से पानी लिफ्ट किए जाने वाले स्थान का भी निरीक्षण सोमवार को समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं शिक्षा तथा जिले के नोडल अधिकारी डॉ. रजनीश दुबे ने किया। दीनापुर एसटीपी का स्थलीय निरीक्षण कार्यों की प्रगति देखी। काम की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई। मजदूरों की संख्या बढ़ाकर समय पर काम पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अब आगे न तो तारीख बढ़ेगी और न ही रेट रिवाइज होगा।
समीक्षा बैठक के बाद शाम पौने पांच बजे गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई /जल निगम के अधिकारियों के साथ दीनापुर पहुंचे। दीनापुर में 140 एमएलडी का प्लांट बन रहा है। वहां उन्होंने सीवेज निस्तारण की तकनीक, काम पूरा करने और प्लांट का ले आउट देखा। उन्होंने हर हाल में 31 मार्च तक कार्य पूर्ण कर चालू करने की हिदायत दी। जिलाधिकारी योगेश्वर राम मिश्र को प्रमुख सचिव ने हर पखवाड़े प्रगति रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा कि अब तो न रेट रिवाइज होगा और न ही तारीख बढ़ाई जाएगी। किसानों के मुआवजा भुगतान के बारे में भी डीएम से जानकारी ली। चंद्रावती में गंगा से पानी लिफ्ट किए जाने वाले स्थान और पाइप लाइन को भी देखा। बाकी काम को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ सुनील कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर ज्ञानेंद्र चौधरी, विवेक सिंह, मौजूद रहे।