वाराणसी। सामाजिक क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए काशी के युवा अभिनव सिंह को स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर दिए जाने वाले राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से नवाजा जाएगा। विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में 12 जनवरी को जयपुर में आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम में इस सम्मान से उन्हें नवाजा जाएगा। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की ओर से उनका नाम चयन करने के साथ ही इसकी जानकारी भी उन्हें दे दी गई है।
इस आयोजन में देशभर से तकरीबन छह हजार युवा जुटेंगे। अभिनव ने बताया कि 1995 में पहली बार उत्तर प्रदेश में किसी को यह पुरस्कार दिया गया था। दूसरी बार उत्तर प्रदेश से अकेले उनके नाम का चयन हुआ है। खजुरी पांडेय के रहने वाले अभिनव वर्ष 2011 डब फाउंडेशन के बैनरतले युवा स्वास्थ्य संबंधी नशा उन्मूलन के लिए काम करते हैं। रिक्शा चालकों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम चलाते हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्हें संयुक्त राष्ट्र और रायल कामनवेल्थ सोसाईटी लंदन की ओर से एसोसिएट फेलो की उपाधि दी जा चुकी है। सितंबर 2015 में संयुक्त राष्ट्र की महासभा में यूथ डेलीगेट के रूप में प्रतिभाग किया था।