वाराणसी। चित्रकुट के मानिकपुर क्षेत्र में डकैतों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ मणिकर्णिका घाट पर हुआ। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद बड़े बेटे शुभम सिंह ने मुखाग्नि दी तो मौजूद लोगों की आंखें डबडबा गईं।
जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना के बनेवरा गांव निवासी श्याम बिहारी सिंह के पुत्र शहीद जयप्रकाश सिंह का शव दोपहर दो बजे के लगभग मणिकर्णिका घाट पहुंचा। घाट पर एसपी सुरक्षा शैलेंद्र राय, सीओ दशाश्वमेध स्नेहा तिवारी, चौक इंस्पेक्टर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने शहीद दरोगा के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उनका छोटा बेटा शिवम सिंह और पिता श्याम बिहारी सिंह सहित परिवार के अन्य लोगों की आंखों से आंसुओं की धार रुकने का नाम नहीं ले रही थी। वहीं, मौजूद पुलिसकर्मी सभी को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।