वाराणसी। कभी डीएम और एसपी स्तर के अधिकारियों पर भी धौंस जमाने वाला एआरटीओ आरएस यादव मंगलवार को बेबस नजर आया। वह करीब तीन घंटे तक एडीजे चतुर्थ की अदालत में कटघरे में खड़ा रहा। इस दौरान अदालत परिसर वकील और पुलिसकर्मियों से भरा हुआ था। ऐसे भी काफी लोग थे जो आरएस यादव को देखने गए थे। हर आंखें यादव को देख रही थीं लेकिन वह किसी से भी नजर नहीं मिला रहा था। अदालत से निकलते समय पत्रकारों के भी किसी सवाल का कोई जवाब नहीं दिया। वैन में बैठते समय उसने कहा कि उस पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।
आरएस यादव को पुलिस दिन में करीब 11 बजे पुलिस वैन से अदालत ले आई। उसने गुलाबी रंग की हाफ शर्ट और जींस पहन रखी थी। अदालत में वह ज्यादातर समय वह अपने वकील से बात करता रहा। यहां दो ट्रक मालिक केवल आरएस यादव को देखने पहुंचे थे। दोनों का कहना था यादव अक्सर उनके ट्रकों को बंद कर देता था। बिना वजह ट्रकों से वसूली की जाती थी। दोपहर बाद करीब दो बजे पुलिस यादव को अदालत से बाहर लेकर निकली। बाहर निकलने के बाद उसे आननफानन में वैन में बैठाकर जिला जेल भेज दिया गया। अदालत में पेशी के दौरान यादव के परिवार के लोग नहीं आए थे। कुछ मिलने वाले लोग आए भी लेकिन पुलिस देख खिसक लिए।