Varanasi News: वाराणसी में दबंगों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि राजघाट पुल पर ऑटो सवार बदमाशों ने सेना के जवान को असलहा सटाकर 80 हजार रुपये लूट लिए।
वाराणसी जिले में राजघाट पुल पर सेना के जवान विकास कुमार को ऑटो सवार तीन युवकों ने असलहा सटाकर 80 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। पीड़ित जवान ने मंगलवार को रामनगर थाने में तहरीर दी है। पुलिस आसपास क्षेत्रों के सीसी कैमरे खंगाल रही है।
विज्ञापन
बिहार के औरंगाबाद जमहार दुखैला निवासी विकास कुमार ने रामनगर पुलिस को बताया कि वह राजस्थान के भरतपुर में लांस नायक के पोस्ट पर तैनात हैं। एक माह की छुट्टी पर घर लौट रहे थे। 13 जुलाई की रात कैंट स्टेशन से ऑटो में मुगलसराय जाने के लिए बैठे।
ऑटो चालक के साथ दो अन्य युवक भी पहले से बैठे थे। मालवीय पुल पर दोनों युवकों ने असलहा सटाकर मोबाइल, पर्स और डेबिट कार्ड छीन लिया। डेबिट कार्ड व यूपीआई का पासवर्ड पूछकर बैंक बैलेंस चेक किया। आरोपियों ने दबाव बनाकर 50 हजार और मंगवाया।
बाद में पता चला कि किसी मसूद आलम के नाम से 49, 999 रुपये यूपीआई ट्रांजेक्शन किया गया और 30 हजार डेबिट कार्ड से निकाले गए। इस संबंध में एडीसीपी सरवणन टी. ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की एक टीम लगाई गई है।