धनंजय प्रसाद पीडीडीयू नगर। जिले के माधोपुर में लगभग सात करोड़ की लागत से इंडो-इजराइल सब्जी उत्कृष्टता केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। अब तक परियोजना से जुड़े करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरे कर लिए गए हैं। केंद्र के भवन व पोर्टिको का निर्माण हो गया है। वहीं करीब 60 फीसदी बाऊंड्रीवॉल का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। आगामी 15 जनवरी तक योजना से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाने का लक्ष्य है।
आठ अगस्त 2022 को माधोपुर में साढ़े आठ हेक्टेयर जमीन में इंडो-इजराइल अनुसंधान केंद्र के निर्माण की शुरूआत हुई थी। करीब सात करोड़ की लागत से बनने वाले सब्जी अनुसंधान केंद्र के प्रशासनिक भवन का निर्माण साढ़े तीन करोड़ की लागत से किया जा रहा है। केंद्र के प्रशासनिक भवन में पांच कमरे बनाए जा चुके हैं। इसके अलावा ट्रेनिंग हॉल व बाथरूम आदि का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। हालांकि अभी दरवाजों व खिड़कियों पर शीशा लगाने का काम बाकी है। इसके अलावा फेंसिंग भी की जानी है। पानी के लिए पंप हाऊस व पाइप लाइन बिछाने का काम आरंभ हो चुका है। यह परियोजना भारत और इज़राइल सरकारों के बीच सहयोग का हिस्सा है जिसका उद्देश्य आधुनिक इजराइली कृषि तकनीकों का उपयोग कर जिले के किसानों के लिए सब्जी उत्पादन और गुणवत्ता को बढ़ाना है।
सीडीओ ने निरीक्षण कर दिए निर्देश
सीडीओ आर जगत साईं ने विगत शनिवार को केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता विजय शंकर को योजना से जुड़े सभी निर्माण 15 जनवरी 2026 तक पूरे कर लिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने करीब 650 मीटर में मात्र 250 मीटर बाऊंड्रीवॉल का ही निर्माण पूरा होने की जानकारी पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही तत्काल सोलर प्लेटफार्म बनाने के निर्देश दिए। चेताया कि यदि आगामी 15 जनवरी तक सभी कार्य पूरे नहीं हुए तो कार्यदायी संस्था पर पेनल्टी लगाई जाएगी। इस दौरान वरीष्ठ उद्यान निरीक्षक शीतल प्रसाद वर्मा आदि रहे।
इंडो इजरायल की तकनीक से संरक्षित खेती कर किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है। इजरायली तकनीक से सर्दी, गर्मी व बरसात में मशीनों से तापमान बराबर रहेगा। पाॅली हाउस में शिमला कलर मिर्च, खीरा, करेला, टमाटर समेत कई तरह की सब्जियों का उत्पादन होगा। यहां से प्रशिक्षण पाकर किसान खेतों पर उसी तर्ज पर फसलों की बोआई करेंगे। किसानों को प्रशिक्षण देने के लिए बाहर से कृषि विशेषज्ञ आएंगे।- शैलेंद्र देव दूबे, जिला उद्यान अधिकारी, चंदौली।