सोशल मीडिया पर बुधवार को 777888999 नंबर को लेकर दिन भर अफवाहों और चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। कोई इसे मौत का नंबर बता रहा था तो कोई दावा कर रहा था कि इस नंबर में वायरस है। इस नंबर से आई कॉल को आप जैसे ही फोन रिसीव करेंगे आपका फोन ब्लास्ट हो जाएगा।
हालांकि तकनीकी विशेषज्ञों ने इसे महज एक अफवाह बताया और कहा कि आमजन को महज गुमराह करने के लिए यह मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है। वाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर पर बुधवार की सुबह से लोग एक-दूसरे को मैसेज कर 777888999 नंबर के बारे में बता रहे थे।
कई लोगों ने तो फोन कर भी अपने परिचितोें को ताकीद की कि वे उक्त नंबर से कोई कॉल आए तो उसे कतई न रिसीव करें। तकनीकी विशेषज्ञों ने बताया कि देश में अभी दस अंक के ही मोबाइल नंबर प्रचलन में हैं।
इसके साथ ही अभी ऐसी कोई ऐसी तकनीक सामने नहीं आई है कि एक फोन से दूसरे पर कॉल कर उसे ब्लॉस्ट किया जा सके। हालांकि उक्त नंबर से कहीं किसी प्रकार के नुकसान की बात तो सामने नहीं आई लेकिन स्मार्ट फोन इस्तेमाल करने वालों के बीच यह देर रात तक चर्चा का विषय जरूर बना रहा।