वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आध्यात्मिक सांस्कृतिक परंपरा के लिए जग विख्यात काशी अब विकास की नई ऊंचाईयों को छू रही है। इसके साथ एक और महानता तब जुड़ी, जब काशी से जनप्रतिनिधि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना प्रतिनिधित्व काशी को दिया। काशी पुरातन और आधुनिक दोनों परंपराओं को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा रही है।
कैंसर संस्थान के दौरे के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तेजी के साथ पीएम के मार्गदर्शन में विकास हुआ, वह अविस्मरणीय है और कई क्षेत्रों के लिए अनुकरणीय भी। पीएम 19 फरवरी को माघी पूर्णिमा के अवसर पर काशी आगमन पर 2000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कहा कि मेडिकल के क्षेत्र में सबसे बेहतर हब के रूप में काशी नई पहचान लेकर आगे बढ़ेगी और आने वाले समय में पीएम के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। महामना कैंसर संस्थान, सुपर स्पेशलिटी सेंटर का उद्घाटन होने के बाद यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पड़ोसी देश नेपाल के करीब 15 से 20 करोड़ की आबादी इन स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले पाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी में पेयजल की बेहतर सुविधाओं के अलावा किसानों की समृद्धि से जुड़ी डेयरी का काम अंतिम चरण में हैं। इसे भी प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। इससे न केवल आय में वृद्धि होगी, बल्कि नौजवानों को रोजगार भी मिलेगा।