वाराणसी। जिला जेल के समीप सड़क हादसे में घायल हुआ नेपाली श्रद्धालुओं का दल सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर निहाल नजर आया। कैंट पुलिस ने सभी को उनके घर भेजवाने के लिए बस की व्यवस्था कर्राई। नेपाली श्रद्धालुओं का कहना था कि यूपी पुलिस की इस नेक पहल को वो हमेशा याद रखेंगे और अपने देश जाकर लोगों को बताएंगे।
नेपाल के सुनसरी जिले के 46 श्रद्धालुओं का दल शुक्रवार की रात बस से श्री काशी विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करने आ रहा था। जिला जेल के समीप सामने बाइक सवार को बचाने में बस डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई थी। इसमें बाइक सवार दो लोग सहित पांच को गंभीर चोट आई जबकि 35 को सामान्य चोट आई। नेपाली श्रद्धालुओं में से एक मीना (55) अभी भी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हैं जबकि अन्य को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। सोमवार को एसएसपी आनंद कुलकर्णी के निर्देश पर इंस्पेक्टर कैंट राजीव रंजन उपाध्याय 45 श्रद्धालुओं को बस से लेकर मैदागिन गए और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कराए। इसके बाद एक बस बुक करा कर सभी को नेपाल जाने की व्यवस्था कराई। एसएसपी ने बताया कि हमारा प्रयास था कि नेपाल से आए श्रद्धालुओं को बनारस में किसी प्रकार का कष्ट न हो और आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा। उधर, नेपाली नागरिक बुद्धिलाल, प्रकाश, शांति देवी, बुदानी, जिप्सी देवी, सोरांती देवी, मल्लू बताषि देवी, मरसलाल, सुरैया, मंती देवी और रविलाल आदि का कहना था कि बनारस में पुलिस और प्रशासन ने जिस कदर उनके प्रति सेवाभाव दिखाया वह हमेशा याद रखेंगी।