ज्ञानपुर। चिलचिलाती धूप और तेेज गर्मी के कारण अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल में संख्या अधिक होने के कारण एक बेड पर दो मरीजों को भर्ती कर इलाज किया गया। सोमवार को इमरजेंसी में नंबर लगाकर चिकित्सकों ने मरीजों का उपचार किया। स्थिति यह रही कि एक बेड पर दो-दो मरीजों का उपचार किया गया।
बढ़ती गर्मी और तेज धूप से लोग बीमारियों से पीड़ित हो रहे हैं। सोमवार को महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय मरीजों से पटा रहा। इमरजेंसी वार्ड में बेड की क्षमता से अधिक मरीजों को भर्ती किया गया। भीड़ कि वजह से एक बेड पर दो-दो मरीजों का उपचार किया गया। जिला चिकित्सालय की ओपीडी में 1123 मरीजों को देखा गया। वहीं इमरजेंसी में शाम तक 89 मरीजों को भर्ती कर उपचार किया गया। इसमें डायरिया, कालरा, उल्टी, दस्त से पीड़ित हौदीपुर निवासी उर्मिला देवी (30),पिपरिस निवासी राधा देवी (26), आयुष (22), दीनानाथ, लक्ष्मीनारायण, प्रेमा देवी, हीरावती आदि मारीजों का उपचार इमरजेंसी में हुआ। डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में धूप अधिक तेज हो रही है। उससे बचने की जरूरत है। उन्होंने धूप में निकलने से बचने और खाने पीने में सावधानी बरतने की सलाह दी।