भदोही। कोतवाली अंतर्गत नगर के पीरखांपुर मोहल्ला स्थित एक कालीन प्रतिष्ठान के गोदाम की ख़िड़की तोड़कर चोरों ने वहां रखे लगभग साढ़े तीन लाख के कालीन पर हाथ साफ कर दिया। खास बात यह है कि घटना को अंजाम देने के बाद चोरों ने खिड़की के पेच वापस कस दिए। घटना की जानकारी कालीन व्यवसायी को दोपहर बाद तब हुई, जब वे कालीनों को कहीं भेजने की तैयारी कर रहे थे। घटना से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में मंगलवार शाम को पुलिस को तहरीर दी गई, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।
पीरखांपुर मोहल्ला निवासी सज्जाद हुसैन पुत्र मसीउल्लाह अंसारी अपने दोमंजिले मकान के ऊपरी हिस्से में रहते हैं, जबकि ग्राऊंड फ्लोर पर कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को कुछ कालीन मंगाकर उन्होंने गोदाम में रखवा दिए थे। मंगलवार को उन्हें कहीं भेजना था। दोपहर बाद जब कालीनों को भेजने के लिए निकलवाने लगे तो 20 कीमती कालीन कम पड़ने लगे। इस पर उनका माथा ठनका। उन्होंने बार बार स्टाक का मिलान किया तो पाया कि हैंड नॉटेड के 20 बड़े कालीन नदारद थे। इस पर उनका ध्यान खिड़की की ओर गया तो पाया कि मकान के
पश्चिमी हिस्से में लकड़ी में पेच से लगे
लोहे की खिड़की निकाल कर चोरों ने पुन: उन्हें लगा दिए थे। शाम को पुलिस को दिए तहरीर में उन्होंने बताया कि चोरी गए कालीनों की कीमत साढ़े तीन लाख होगी। उधर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि तहरीर मिली है। घटना की तहकीकात की जा रही है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि पिकेट बढ़ाने की मांग की है।