वाराणसी। हैप्पी मॉडल स्कूल की अन्नपूर्णा शाखा और राज इंग्लिश स्कूल पहड़िया में रविवार को आयोजित प्रदर्शनी में बच्चों ने मॉडलों के माध्यम से सौर ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, जल शुद्धता, जल संरक्षण आदि के प्रति जागरूक किया। हैप्पी मॉडल में बतौर मुख्य अतिथि वसंत कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रचना श्रीवास्तव और राज इंग्लिश स्कूल में संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र ने बच्चों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रयासों को सराहा।
हैप्पी मॉडल में उपनिदेशक नीता सिंह के निर्देशन में लगी प्रदर्शनी में बच्चों ने लैपटॉप, टाइगर इन द हाउस, चार्ली चैप्लिन, इलेक्ट्रिक बेल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोलर-सिस्टम, पृथ्वी पर शुद्ध जल का वितरण, डेस्कटॉप आदि के साथ ही हिंदी, संस्कृत, कला आदि विषयों का मॉडल बनाया। समारोह में डॉ. रचना ने बच्चों से आयोजन में बढ़चढ़कर भागीदारी का आह्वान किया। उपनिदेशिका नीता सिंह ने कहा कि अभिभावकों को बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ ही अन्य पाठयेत्तर क्रियाकलापों में उनकी रुचि के अनुसार प्रतिभा प्रदर्शन का मौका देना चाहिए। इस दौरान अन्नपूर्णा शाखा की प्रधानाचार्य पल्लवी तोलानी के साथ ही विद्यालय की अन्य शाखाओं के प्रधानाचार्य भी मौजूद रहे। राज ग्रुप आफ स्कूल्स के प्रबंध निदेशक डॉ. हरिओम के निर्देशन में बच्चों ने मॉडलों में पर्यावरण प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, जल संरक्षण आदि ज्वलंत समस्याओं के प्रति लोगों का ध्यान आकृष्ट किया। इस दौरान विषयवार तीन मॉडलों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में राज इंग्लिश स्कूल में निदेशक हर्ष वर्धन सिंह, प्रधानाचार्य बीके मिश्रा, सुमारु यादव, कंचन पाल सहित कई लोग मौजूद रहे।