वाराणसी। चुनावी सभा के दौरान सोमवार को वार्ड नंबर 67 से सपा प्रत्याशी संदीप मिश्र के बोल बिगड़ गए। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय की मौजूदगी में भाषण के दौरान संदीप ने पीएम नरेंद्र मोदी के लिए अशोभनीय टिप्पणी की। हालांकि इसके बाद मंच पर मौजूद नेता उन्हें चुप कराते देखे गए। मंगलवार तक इस भाषण का वीडियो वायरल हुआ तो भाजपा और सपा दोनों खेमे में खलबली मच गई। हालांकि मंगलवार तक इस मामले में प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
सपा नेता माता प्रसाद पांडेय रविवार को पार्षद प्रत्याशी संदीप मिश्र के समर्थन में सभा करने जिलाध्यक्ष सरायगोवर्धन गए थे। माता प्रसाद पांडेय की मौजूदगी में भाषण के दौरान ही संदीप ने जनता से वादे करने के दौरान ही पीएम के खिलाफ जहर उगलना शुरू कर दिया। पार्टी के दो मुस्लिम नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि उनका दुआएं उनके साथ हैं। इस संबंध में जिलाध्यक्ष डा. पीयूष यादव का कहना है कि राजनीति में भाषा में संयम होना चाहिए। प्रधानमंत्री हम सभी के और पूरे देश के हैं। अगर संदीप ने पीएम के लिए अशोभनीय टिप्पणी की है कि तो वह पार्टी के जिलाध्यक्ष होने के नाते खेद प्रकट करते हैं। संदीप से इस बारे में जवाब मांगा जाएगा। नेताओं को मर्यादा नहीं भूलनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि संदीप पूर्व विवादित पोस्टर बनाने को लेकर चर्चा में रहे हैं। वहीं संदीप अपने भाषण से पलटी मार गए। उनका कहना है कि उन्होंने अपने भाषण में विकास का तमाचा मारने की बात कही थी। उनके भाषण को एडिट कर वायरल किया गया। वह देश के पीएम का सम्मान करते हैं।