वाराणसी। आईआईटी बीएचयू के मेधावियों के लिए शनिवार का दिन खास रहा। संस्थान के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों के समक्ष स्वतंत्रता भवन में आयोजित छठे दीक्षांत समारोह में उनके चेहरे दमक रहे थे। इस बार जिन 47 मेधावियों को पदक मिले उनमें 18 छात्राएं भी शामिल थीं। मुख्य अतिथि आरबीआई के केंद्रीय निदेशक किरण कार्निक ने भावी इंजीनियरों को बधाई देने के साथ ही उनसे आगे बढ़ते रहने का आह्वान किया।
दीक्षांत समारोह में केमिकल इंजीनियरिंग की छात्रा मृणाली मोदी को आठ मेडल के साथ ही नगद पुरस्कार भी मिला। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र मनु अग्रवाल को भी आठ पदक मिले। इनके अलावा सिविल इंजीनियरिंग (बीटेक) के छात्र रनवीर सिंह, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र हर्ष कुमार केडिया, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के छात्र वैभव गोयल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र आकाश राय को संबंधित विषय के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सात-सात पदक मिले।
इसी क्रम में मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग के प्रभुतोष कुमार और बी. फ ार्मा के निखिल कुमार को तीन-तीन मेडल प्रदान किए गए। माइनिंग इंजीनियरिंग की खुशी साहू और सिविल इंजीनियरिंग के हर्ष गोयल ने दो-दो पदक प्राप्त किए। समारोह में पीएचडी, एमटेक, एम. फार्मा, बीटेक, बी. फार्मा आदि में 1256 छात्र-छात्राओं को उपाधियां दी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ महामना की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद कुलगीत से हुआ। इस दौरान शैक्षणिक कार्य अधिष्ठाता प्रो. एएसके सिन्हा, अनुसंधान एवं विकास से प्रो. पीके जैन, पूर्व छात्र अधिष्ठाता प्रो. एके त्रिपाठी, छात्र अधिष्ठाता प्रो. एके मुखर्जी, डिप्टी चीफ प्रॉक्टर प्रो. प्रभाकर सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।