सेवापुरी। जिले के सेवापुरी सहित विभिन्न ब्लाकों के सैकड़ों गांव में लोकल एलईडी स्ट्रीट लाइट और सोलर लाइट घोटाले में कार्रवाई से अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही प्रधानों में भूचाल आ गया है। जिन ब्लाकों में प्रधान प्रदर्शन कर रहे हैं उन प्रदर्शनकारियों में लाइट घोटाले के आरोपी भी छिपे हैं। प्रदर्शन में महिला प्रधान की जगह उनके पति ज्यादा बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचा रहे हैं।
सेवापुरी ब्लाक में प्रधानों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में तो नोकझोंक और विवाद उस समय हो गया जब प्रधानों ने उनके कार्यालय और गोदाम में जबरन ताला बंद कर उनसे प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया। लेकिन महिला कार्यकर्ताओं ने प्रधानों का विरोध कर तालों को खोलवाकर पुष्टाहार अपने केंद्रों पर ले र्गइं। सीडीपीओ सेवापुरी सुषमा सिंह ने बताया कि गोदाम और कार्यालय में जबरन ताला बंद किये जाने का मामला संज्ञान में आया है। इस मामले में उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। वहीं सेवापुरी भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह दीपू ने बताया कि विरोधी दल के लोग लाइट घोटाले में शामिल हैं। उन्होंने घोटालेबाजों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।