वाराणसी। ारवाड़ी युवा मंच अन्नपूर्णा शाखा की ओर से शनिवार को ‘आपणी संस्कृति आपणो गांव’ की थीम पर आयोजित संस्कृति सावन मेले में महिलाओं और युवतियों ने जमकर खरीदारी की। कपड़े से लेकर बैग, ज्वेलरी, होम फर्निशिंग, डेकोरेशन आइटम्स खासतौर पर पसंद किए गए। इसमें बनारसी, चंदेरी और सिल्क के दुपट्टे छाए रहे।
बनारस वीव्स की ऋचा मेहरा के स्टॉल पर बनारसी साड़ियों से लेकर दुपट्टों और स्टॉल्स का शानदार कलेक्शन था। ऋचा मेहरा ने बताया कि सिल्क के प्लेन सूट के साथ कंट्रास्ट में बनारसी दुपट्टे खासतौर पर पसंद किए जा रहे हैं। वहीं द समायाज ट्रेंड स्टूडियो के स्टाल पर कपड़ों से लेकर ज्वेलरी और बैग के शानदार कलेक्शंस को खासा पसंद किया गया। महिलाओं व युवतियों ने इसकी भी खूब खरीदारी की। इसके अलावा राजस्थानी परिधान, राखी, हैंडमेट चाकलेट्स के स्टॉल्स पर भी भीड़ रही।
इस संस्कृति सावन मेले का शुभारंभ केजीएमयू की पूर्व कुलपति पद्मश्री प्रो. सरोज चूड़ामणि गोपाल और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कावेरी गुप्ता ने किया। उन्होंने महिला उद्यमियों के हुनर को सराहा। दूसरों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्ष पूजा लोहिया ने बताया कि संस्था इस मेले से होने वाली आय का उपयोग सामाजिक कार्यों, गरीब लड़कियों की शादी व कैंसर पीड़िताें के इलाज के लिए करेगी। कार्यक्रम में सचिव अनीता मोरोलिया, उपाध्यक्ष श्रेया सिंघानिया व श्वेता अग्रवाल, गुंजन जालान, बरखा जालान, कनक खंडेलवाल, सुनीता जाखोटिया, यशा मोदी, नेहा बंसल ने सहयोग किया।