वाराणसी। ‘अजनबी’, ‘राज’ और ‘जिस्म’ जैसी ब्लाकबस्टर फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाने वाली बॉलीवुड ‘बिल्लो रानी’ जल्द ही सिनेमा हालों के 70 एमएम के पर्दे को छोड़कर डेली सोप्स का रुख करेंगी। रविवार को बनारस पहुंची सिने तारिका बिपाशा बसु ने इस बात के संकेत दिए। उन्होंने बनारसी खानपान की तारीफ की तो महिलाओं को सजने-संवरने के टिप्स भी दिए।
प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र में आई बिल्लो ने उनके स्वच्छ भारत अभियान की जमकर सराहना की। बोलीं, स्वच्छ वातावरण से ही निरोगी काया मिलती है। वह शहर के भेलूपुर में पीसी ज्वैलर्स के नए शो रूम के उद्घाटन के मौके पर वाराणसी पहुंची थीं।
पिंक कलर के सलवार-सूट में सफेद कार से अभिनेत्री बिपाशा बसु दोपहर बाद पौने तीन बजे जब भेलूपुर पहुंची तब प्रशंसकों की भीड़ से सड़क पैक हो चुकी थी। भेलूपुर चौराहे से आईपी विजया तक सड़क की दोनों पटरियों पर युवाओं का रेला बिपाशा की एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आ रहा था।
उनकी कार देखते ही युवा शोर मचाने लगे। बाउंसर्स और पुलिस के सुरक्षा घेरे में उन्हें कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया गया। चेहरे पर मुस्कान लिए बिपाशा हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन करते हुए बढ़ रही थीं। कार्यक्रम स्थल पर पीसी ज्वेलर्स के प्रबंध निदेशक बलराम गर्ग ने बिपाशा का स्वागत किया।
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद के अध्यक्ष आचार्य अशोक द्विवेदी ने दीप जलाकर नए शोरूम का उद्घाटन किया। इसके बाद बिपाशा पत्रकारों से मुखातिब होने पहुंची। इस दौरान भीड़ अधिक होने की वजह से शोर-शराबा होने लगा। आयोजकों ने माहौल शांत कराने की कोशिश की लेकिन कोई असर नहीं पड़ा।
बिपाशा ने खुद भी कई बार मोबाइल से वीडियो क्लिप और तसवीरें खींच रहे रहे प्रशंसकों से पीछे हटने का अनुरोध किया। लेकिन लोगों ने उनकी एक नहीं सुनी। शोर-शराबे के बीच ही उन्होंने पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान जमकर प्रशंसा की। उन्होंने इस अभियान को राष्ट्र की बेहतरी का हिस्सा बताया।
कहा कि जिस तरह हम अपनी त्वचा और दांतों का ख्याल रखते हैं उसी तरह अपने आसपास सफाई भी रखने की आदत डालनी चाहिए। स्वच्छ माहौल स्वस्थ जीवन के लिए वरदान साबित होता है। आने वाली फिल्मों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इंतजार करिए, जल्द ही फेमिली ड्रामा करने वाली हूं।