वाराणसी। जिले में कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या कम होने के साथ ही अब एक्टिव मरीजों की संख्या भी घटती जा रही है। सोमवार को 67 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि 92 लोग स्वस्थ हुए हैं। उधर सोमवार को जिले में शहरी और ग्रामीण इलाकों में बने केंद्रों पर 15274 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
स्वास्थ्य विभाग को मिली 3878 सैंपल की रिपोर्ट में 67 मरीजों के मिलने से संक्रमण दर 1.73 प्रतिशत पहुंच गई है। इस समय जिले में कुल दो ही मरीज अस्पताल में भर्ती है। होम आइसोलेशन में 88 मरीज स्वस्थ हुए और चार को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अब तीसरी लहर में कुल 13057 मरीजों में 12296 डिस्चार्ज, 13 की मौत के बाद केवल 748 एक्टिव मरीज हैं। इस समय रिकवरी रेट भी 94.17 प्रतिशत तक पहुंच गया है। कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाकर विद्यालयों में छात्रों को भी टीका लगाया जा रहा है। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि सोमवार को 6769 किशोरों और 587 लोगों को एहतियाती डोज भी लगाया गया। अब तक जिले में कुल 5636000 लोगों को टीका लगाया गया है। इसमें 219971 किशोरों को पहली और 54578 को दूसरी डोज लगाई गई है।