वाराणसी। यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के लिए परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है। बावजूद सड़कों पर नियमों को ताक पर वाहन चालक फर्राटा भर रहे हैं और यातायात पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। बिना हेलमेट वाहन चलाने के साथ ही ट्रिपलिंग आम है।
शहर के चौराहों पर बाइक पर चार-चार सवारियां फर्राटा भर रही हैं। पुलिसकर्मी और सरकारी वाहन भी नियमों की अनदेखी में पीछे नहीं हैं। चार से 10 फरवरी तक 30वां सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया है। पहले दिन सोमवार को एक ही मोटरसाइकिल पर पांच सवारी सवार थी और हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी। बावजूद इसके तीन सवारी और बिना हेलमेट चलने वालों के खिलाफ गंभीरता नहीं दिखाई दी।
दोपहिया वाहनों पर चार सवार
मंगलवार को कचहरी रोड, जेपी मेहता रोड, भोजूबीर, तेलियाबाग सहित शहर की ज्यादातर सड़कों पर दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी धड़ल्ले से चलती दिखाई दीं। कुछ मोटसाइकिलों पर चार और पांच सवारी भी दिखीं। ट्रैफिक पुलिस इन्हें नजरअंदाज कर रहे थे।
बिना हेलमेट पर भी कार्रवाई नहीं
सड़कों पर आधे से ज्यादा दो पहिया सवार बिना हेलमेट के चलते हैं। कई जगहों पर पुलिसकर्मी वर्दी में भी नियमों का उल्लंघन करते देखे गए।