वाराणसी। पुलिस कर्मी अब कम से कम एक पौधे को भी तैयार करने की जिम्मेदारी लेंगे। वो एक पौधा लगाने के बाद अपने नाम का बोर्ड भी लगाएंगे। इसके लिए आईजी ने रेंज के जिलों के एसपी को निर्देश जारी किया है। उन्होंने इस फैसले को लागू करने से पहले अपने कैंप कार्यालय पर पौधरोपण का प्रयोग कराया जो सफल रहा।
पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम के तहत समय-समय पर पौधरोपण अभियान चलाया जाता है, लेकिन इनमें से अधिकांश पौधे सूख जाते हैं। इसे देखते हुए आईजी रेंज ने प्रयोग किया। उन्होंने अपने कैंप कार्यालय परिसर में आम, अनार, आंवला, मौसमी, नीबू और संतरा सहित अन्य किस्म के 45 पौधों को 10 से 15 फीट के अंतराल पर क्लर्क, सिपाही, माली के साथ ही खुद और पत्नी व बच्चों से लगवाया। आईजी रेंज विजय सिंह मीना ने बताया कि प्रत्येक पुलिस कर्मी एक पौधे की जिम्मेदारी ले, इसके लिए प्रयोग किया गया।