वाराणसी। ऑल इंडिया साइंस टीचर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय वार्षिक अधिवेशन के पहले दिन ग्लोबल वार्मिंग पर मंथन हुआ। इस दौरान आईआईटी बीएचयू केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. पीके मिश्रा ने तेजी से बढ़ रही ग्लोबल वार्मिंग से सचेत रहने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो धरती पर जीवन यापन करना कठिन होगा।
अमर उजाला और टीचर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में कला संकाय प्रेक्षागृह में आयोजित अधिवेशन में प्रो. मिश्रा ने कहा कि जिस तरह प्रकृति के साथ छेड़छाड़ और आधुनिक तकनीक के माध्यम से विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं, इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। पर्यावरण विज्ञान के प्रो. जितेंद्र पांडेय ने बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है।
छात्रों ने पोस्टर प्रदर्शनी, मॉडल के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। जिसमें इंड्रस्ट्रियल वेस्ट मैनेजमेंट, स्मार्ट सिटी, जल शुद्धता, सौर ऊर्जा आदि पर लगाए गए मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। अध्यक्षता राजमणि सिन्हा ने की। कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. जीसी भट्टाचार्या, डॉ. केके डे, रविंद्र प्रसाद सिन्हा आदि मौजूद रहे।
विज्ञान के क्षेत्र में होने वाले विकास आदि से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना, युवाओं को इससे जोड़ना एसोसिएशन के गठन का मुख्य उद्देश्य है। इस तरह के आयोजनों से सभी को जागरूक करने का प्रयास किया जाता है।
- डॉ. एसके सरकार, जनरल सेकेट्री, एआईएसटीए
ग्लोबल वार्मिंग से बचाव और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में इस तरह के आयोजन सहायक होंगे। युवाओं को इसके माध्यम से प्रेरित करने की जरूरत है।
- रितब्रोतो रॉय, कार्यकारिणी सदस्य