भदोही। पहली जून से 30 जून तक तहसील क्षेत्र में सघन मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इस आशय की जानकारी शनिवार को तहसील सभागार में हुई बीएलओ की बैठक में दी गई। तहसीलदार रामजी ने कहा कि अभियान के दौरान मतदाता सूची का सत्यापन भी किया जाएगा। इसके बाद यदि मतदाता सूची में कोई खामी पाई तो बीएलओ को जिम्मेदार माना जाएगा।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के सत्यापन में वोटर का नाम, पिता का नाम, उम्र सही होने के साथ यह भी देखा जाएगा कि कौन मतदाता दूसरे क्षेत्र में चले गए हैं। किसी भी सूरत में एक नाम दोबारा अथवा दूसरी मतदाता सूची में नहीं होना चाहिए। 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले हर हाल में सूची को दुरुस्त करना है। उन्होंने बताया बीएलओ दौरान घर-घर जाकर सूची को सत्यापित करेंगे। एक जनवरी 2018 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं से फार्म 6 भरवा कर उनके नाम जोड़ने की संस्तुति करेंगे। साथ ही परिवार के किसी सदस्य की मृत्य हो गई हो अथवा अन्यत्र रहता हो तो फार्म 7 भर कर सूची से उसका नाम काटेंगे। इसके अलावा त्रुटियों को आधार कार्ड से मिलान कर सही कराएंगे। तहसीलदार ने कहा बीएलओ अपने सुपरवाइजर को प्रतिदिन के काम से अवगत कराते रहेंगे। बैठक में धीरज सेठ, मंगला प्रसाद, प्रेमशंकर, प्रमोद सिंह, उजमा परवीन, रेखा मौर्य, कुलदीप कौर, अनीता वर्मा, सिंपल, पूर्णिमा, बबिता, माया बिंद, गीता चौहान, आनंद यादव, नसीम अहमद, एखलाक अहमद, अमीनुल हफीज आदि रहे।