ज्ञानपुर। प्रशासन की अनुमति के बिना जिले में अवैध तरीके से प्लाटिंग कर रहे कॉलोनाइजरों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। एसडीएम ज्ञानपुर ने ऐसे 10 लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इससे अवैध तरीके से प्लाटिंग करने वालों में खलबली मच गई है।
कई कॉलोनाइजर जिले में किसानों से औने-पौने दाम पर जमीन का एग्रीमेंट कराने के बाद उसकी प्लाटिंग कर लोगों को ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। प्लाटिंग के लिए न तो प्रशासन से अनुमति ली गई और न ही विनियमित क्षेत्र के मानकों का ध्यान रखा गया। मामले को संज्ञान में लेते हुए ज्ञानपुर उप जिलाधिकारी आशीष कुमार ने शनिवार को 10 कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किया है। नियम प्राधिकारी के अवर अभियंता आबिद खान ने बताया कि विनियमित क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध प्लाटिंग और अवैध कालोनियों का निर्माण बिना किसी अनुमति के किया जा रहा है। प्लाटिंग में 12 फीट से 15 चौड़े रास्ते का प्रस्ताव कर प्लाट बेचा जा रहा था और कुछ स्थानों पर केवल पिच रोड बनाई जा रही है, जो पूरी तरह से गलत एवं अवैध है। किसी भी स्थान पर प्लाटिंग कालोनियों के निर्माण में मूलभूत सुविधाएं मानक के अनुरूप सड़क, नाली, बिजली, पानी और पार्किंग की व्यवस्था की जानी चाहिए, जो नहीं थी। इसे आरबीओ एक्ट के उत्तर प्रदेश अर्बन प्लानिंग एवं विकास अधिनियम का उल्लंघन मानते हुए प्लॉटिंग करने वालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
एसडीएम ने जिन्हें नोटिस जारी किया है, उनमें अमर प्रकाश हर्ष निवासी हरिरामपुर की सूर्या कॉलोनी कंसापुर, श्यामसुंदर मिश्र पुत्र शिवसेवक निवासी रैयापुर की श्रीराम कालोनी गोपीपुर, मनोज शर्मा पुत्र सुभाष चंद्र शर्मा की शिवपुरी कॉलोनी गोपीगंज, गोपीकृष्ण माहेश्वरी पुत्र राधाकृष्ण निवासी सहसपुर, अमरेश चंद मिश्रा पुत्र भगवान दास मिश्रा निवासी चकविजयी और इंजीनियर नदीम पुत्र हबीब निवासी गोपीगंज मिश्रा मार्केट, कुमार कार्पेट के बगल घूरीपुर में शौकीन और आजाद अली, अमरेश चंद मिश्रा, सौरभ सिंह निवासी अकोढ़ी मिर्जापुर का बड़े शिव मंदिर के दक्षिण स्थित कॉलोनी, रमेशचंद, अमरेश चंद, नागेश चंद्र और इंजीनियर नदीम का भगवानपुरी कॉलोनी गेराई, तारकेश्वर निवासी सिंहपुर गोपीगंज नहर पुलिया के बगल इब्राहिमपुर, याहिया खान, एसके शुक्ला की मिर्जापुर न्यू कॉलोनी झिलियापुल, सैयद शाहिद रजा निवासी बालीपुर की न्यू तहसील ज्ञानपुर शामिल हैं। एसडीएम आशीष कुमार ने कहा कि 10 कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी किया गया है। जवाब न देने पर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।