वाराणसी। बीएचयू में गुरुवार को छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें रूइया हॉस्टल में रहने वाले शास्त्री प्रथम वर्ष के छात्र सुनील तिवारी को गंभीर चोट लगी। आरोप है कि बाइक सवार दर्जन भर युवकों ने उसकी पिटाई उस समय की जब वह अपने साथियों संग प्रवेश परीक्षा में आए अभ्यर्थियों की मदद कर रहा था। लंका थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
बीएचयू में गुरुवार को सीएचएस 11वीं की प्रवेश परीक्षा थी। हर साल की तरह इस साल भी छात्रावास के छात्र अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचाने, नि:शुल्क प्याऊ आदि की मदद में लगे रहे। शाम करीब 5 बजे परीक्षा छूटने के दौरान एक युवक नो इंट्री के लिए लगे बैरीकेडिंग में घुसने का प्रवेश किया जब उसे रोका तो वह रुका नहीं और मारपीट पर उतारू हो गए। सुनील ने लंका थानाध्यक्ष को दिए गए तहरीर में बताया कि करीब दस मिनट बाद चार बाइक पर सवार होकर दर्जन भर युवक आए और हमला बोल दिया, जिससे बेहोश हो गया। इसमें उसने दो युवकों का नाम भी दिया। उधर सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सुरक्षाधिकारियों से भी उसने आपबीती सुनाई। साथियों संग चीफ प्राक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और फिर ट्रामा सेंटर जाकर इलाज कराया। घटना के करीब घंटे भर बाद सुनील एंबुलेंस में बैठकर ही लंका थाने पहुंचा और तहरीर दी।