ज्ञानपुर। बोर्ड परीक्षा में सोमवार को एक परीक्षार्थी नकल करते दबोचा गया। साथ ही दोनों पालियों में 1507 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। जिले में अब तक 11 नकलची पकड़े जा चुके हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की सोमवार को सुबह की पाली में 10वीं की उर्दू और 12वीं की इतिहास प्रथम प्रशनपत्र की परीक्षा हुई। वहीं, दूसरी पाली में 12वीं गणित द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। दोनों पालियों की परीक्षा में 1507 ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पाली में पं. रामनरेश इंटर कॉलेज रघुरामपुर में एक नकलची पकड़ा गया। दोपहर की पाली में कोई भी नकलची नहीं पकड़ा गया। सोमवार को सुबह की पाली में 10वीं उर्दू की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 520 परीक्षार्थियों में से 30 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया। परीक्षा में 490 परीक्षार्थी शामिल हुए। सुबह की पाली में ही 12वीं इतिहास प्रश्नपत्र की भी परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 4495 में से 3886 ने परीक्षा दी। 608 वने परीक्षा से दूरी बना ली। दोपहर की पाली में 12वीं गणित द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। पंजीकृत 7695 में से 869 ने परीक्षा छोड़ दी। 68 26 परीक्षा में शामिल हुए। जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम सरोज वर्मा ने बताया कि परीक्षा सकुशल और नकल विहीन संपन्न हो रही हैं। इस दौरान सचल दस्ते चक्रमण करते रहे और परीक्षा को समुचित ढंग से संपन्न कराने की कोशिशें जारी रहीं।