जंगीगंज। डीघ विकास खंड के कोइरौना बाजार में सोमवार को केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई गई। चेतावनी दी गई कि विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ आंदोलन किया जाएगा।
संगठन के अध्यक्ष देवी शंकर पांडेय ने कहा कि कोई केमिस्ट विक्रेता विभाग का उत्पीड़न न सहेंगे। सभी लोग एकजुट होकर इसका विरोध करेंगे। कहा कि पुलिस को दवा विक्रेताओं से लाइसेंस मांगने का अधिकार नहीं है। उत्पीड़न को लेकर गत 28 जनवरी को जंगीगंज बाजार में बैठक हुई थी साथ ही दुकान बंद कर विरोध जताया गया था। अफसरों ने आश्वासन दिया था कि उनका उत्पीड़न नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी विक्रेताओं का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। जांच के नाम पर उनसे सुविधा शुल्क की मांग की जा रही है। औषधीय विभाग को चेताया कि वह अपने रवैये में सुधार लाए अन्यथा 18 फरवरी को बैठक कर आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। संचालन प्रभात कुमार मिश्र ने किया। इस मौके पर सतीश चंद्र पांडेय, सालिग राम, सुरेश चंद्र शुक्ल, नंदलाल पांडेय, सभाशंकर यादव, मनीष पांडेय, शिव कुमार, रामकुमार केसरवानी, जगदीश गुप्ता, डीएस पांडेय आदि रहे।