वाराणसी। विश्वनाथ मंदिर परिसर (रेड जोन) में चोरी हुआ स्पेनिस महिला पर्यटक जोसेफ फर्नांडिस का पर्स पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खोज निकाला। दरअसल मंदिर में विदेशी पर्यटक की पर्स चोरी की घटना का संज्ञान वरिष्ठ अफसरों ने लिया था। मामला शासन तक भी पहुंचा था। अफसरों के सख्त रुख के बाद पुलिस ने तेजी दिखाई और मंगलवार को पर्स बरामद कर लिया। पुलिस का दावा है कि महिला पर्यटक का पर्स चोरी नहीं हुआ था बल्कि अमेरिकी दल के साथ मंदिर पहुंचे एक टूरिस्ट गाइड को वहां गिरा मिला था। गाइड ने ही पर्स पुलिस को सुपुर्द किया। पर्स में 4250 रुपये मिले हैं। पैसे मिलने के बाद जोसेफ फर्नांडिस ने पुलिस को थैंक्यू कहा।
स्पेन के बार्सिलोना शहर से अपने परिवार के सात सदस्यों के साथ जोसेफ बीते रविवार को बनारस आईं। छावनी स्थित एक होटल में यह दल ठहरा हुआ है। सोमवार की सुबह दशाश्वमेध घाट का भ्रमण और नौकायन के बाद दल काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचा। सुबह करीब साढ़े आठ बजे सरस्वती फाटक गेट नंबर दो से अपने परिवार के साथ जोसेफ फर्नांडिज (55) ने मंदिर परिसर में प्रवेश किया। सरस्वती फाटक स्थित चेक प्वाइंट पर जांच के दौरान उनके पर्स से 4400 सौ रुपये गायब हो गए। उनका आरोप था कि एक महिला पुलिसकर्मी ने चेकिंग के दौरान पर्स निकाल लिया। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद अमेरिकी पर्यटक दल अपने गाइड शैलेंद्र श्रीवास्तव के साथ मंदिर गया था। शैलेंद्र श्रीवास्तव को ही मंदिर में पर्स गिरा मिला। पहले वह पर्स को दानपत्र में डालने जा रहा था। बाद में जब उसे पता चला कि पर्स गायब होने को लेकर चौक थाने में मुकदमा दर्ज है तो वह चौक थाने पहुंचा। पर्स महिला पर्यटक की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।