वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में होने वाले वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव काशीयात्रा(19 से 21 जनवरी) का आगाज काव्यमंजरी के साथ होगा। मुख्य समारोह के ठीक एक दिन पहले 18 जनवरी को स्वतंत्रता भवन में इसका शाम छह बजे औपचारिक उद्घाटन होगा। इसके बाद आयोजित होने वाले काव्यपाठ में देश के विभिन्न जगहों से आने वाले कवियों की कविताएं सुनने को मिलेंगी। नियमानुसार अंतिम दिन बालीवुड के गायक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी कराई जाएंगी।
आईआईटी में हर साल की तरह इस साल भी इस उत्सव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। आईआईटी बीएचयू, मुंबई सहित देश की 30 आईआईटी के अलावा तकनीकी संस्थानों से करीब तीन हजार अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। समारोह की सफलता के लिए काशी यात्रा की अलग-अलग टीमें गठित हो गई हैं, जिससे कि दूर दराज से आने वाले प्रतिभागियों को किसी तरह की कोई असुविधा न हो। इस दौरान गीत, संगीत, नृत्य, क्विज, आर्ट एंड क्राफ्ट सहित कुल आठ प्रतिस्पर्धाएं होंगी। 18 जनवरी को इसमें जाने माने कवि अभय निर्भीक, डॉ. भुवन मोहिनी,पॉपुलर मेरठी, डॉ. विष्णु सक्सेना और डॉ. सर्वेश अस्थाना की कविताओं को सुनने का मौका मिलेगा।