वाराणसी। रूस के सोची शहर में 13 से 23 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले 19 वें विश्व युवा महोत्सव में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पांच छात्र शामिल होंगे। महोत्सव में प्रतिभाग करने के लिए यह पांच सदस्यीय दल गुरुवार को यहां से रवाना हुआ। महोत्सव में डेढ़ सौ देशों के तकरीबन 20 हजार युवा शामिल होंगे। महोत्सव में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के साथ ही दीवाली का आयोजन आकर्षण का केंद्र होगा।
महोत्सव में देश भर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और संगठनों से करीब 150 प्रतिभागियों को शामिल होने का मौका दिया गया है। इन प्रतिभागियों का चयन युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय की ओर ने किया है। इनमें बीएचयू के पत्रकारिता एवं जनसंप्रेषण विभाग के शोध छात्र अरुण प्रकाश, एमए के छात्र तनय कुमार, अंग्रेजी विभाग से शोध छात्र अतुल कुमार, फ्रेंच विभाग के शोध छात्र मनीष रंजन और शारीरिक शिक्षा विभाग में बीपीएड के छात्र सौरभ मिश्र भी शामिल हैं। महोत्सव का मूल उद्देश्य विश्व भर के युवाओं का आपस में सामंजस्य और संवाद स्थापित करना है। साथ ही, सांस्कृतिक आदान-प्रदान है। महोत्सव में विभिन्न देशों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जाएगी। प्रतिभागियों को रूस का भ्रमण भी कराया जाएगा।