सारनाथ। सारनाथ के साईंधाम कालोनी की रहने वाली दसवीं की छात्रा आंचल सिंह (15) ने सोमवार की सुबह आशापुर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। सुबह उसका भौतिक विज्ञान का पेपर भी था। छात्रा ने ऐसा क्यों किया इसे लेकर घरवाले परेशान हैं। वह रमरेपुर स्थित राज इंग्लिश स्कूल में पढ़ती थी।
देवरिया के मूल निवासी कमलेश सिंह अपनी पत्नी कमला और दो बच्चों के साथ सारनाथ के साईंधाम कॉलोनी में रहते है। उनका हरियाण में व्यापार है। मां कमला के अनुसार सुबह आंचल को चाय व बिस्कुट दिया। स्कूल जाने लगी तो उसे टिफिन ले जाने के लिए कहा तो बोली कि भूख नहीं है। उसके बाद अपने पिता के साथ स्कूल की बस में जाने के लिए चल दी। पिता ने बताया कि बेटी को बस में बिठा दिया। बस चालक अनिल ने बताया कि छात्रा घर से थोड़ी दूर जाने के बाद बस से उतरने लगी और बोली की एडमिट कार्ड घर भूल गए हैं। पापा के साथ आ जाएंगे। वहां से वह आशापुर रेलवे क्रासिंग से करीब 400 मीटर दूर खड़ी हो गई उसी समय लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस अप के नीचे आ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके स्कूली बैग से मिले आईडी कार्ड के आधार पर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया। इस संदर्भ में स्कूल की मैनेजर सहाना ने बताया कि छात्रा पढ़ाई में अव्वल थी। घर वाले परेशान हैँ कि घटना के पीछे ब्लू ह्वेल गेम है या परीक्षा को लेकर तनाव में थी। पता नहीं चल पा रहा है।